जंतर-मंतर पर पाकिस्तान की नापाक नजरः प्रोटेस्ट में ब्लास्ट करने का था प्लान, ISI Terror Module के 9 लोग गिरफ्तार, इनमें चार नाबालिग

Amritsar Police Busts ISI Terror Module: दिल्ली जंतर-मंतर (Delhi Jantar Mantar) पर कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) बम ब्लास्ट करवाने का प्लान तैयार कर रहा था। बकायदा इसके लिए नाबालिग लकड़ों का इस्तेमाल होना था। इन लोगों को पेट्रोल बम भी मुहैया कर दिया गया था। बस ब्लास्ट के इशारे का इंतजार था। हालांकि उससे पहले प्रोटेस्ट खत्म हो गया। ये खुलासा पंजाब की अमृतसर पुलिस ने किया।
अमृतसर पुलिस ने आईएसआई समर्थित दो टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 4 नाबालिग और 5 बालिग आरोपी है। पेट्रोल बम मॉड्यूल के ज़्यादातर सदस्य नाबालिग थे। पुलिस का मानना है कि यह सपोर्ट पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर ने उपलब्ध कराया था। ग्रुप के आठ सदस्य जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर भी गए थे।
अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि दो आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है। कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 4 नाबालिग और 5 वयस्क शामिल हैं। एक मॉड्यूल रेलवे ट्रैक के ऊपर कैमरे लगा रहा था। वहां से कैमरों की फीड सीमा पार भेजी जानी थी। पुलिस ने समय रहते इसकी जानकारी हासिल कर ली और कैमरों के साथ आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। कैमरों और अन्य खर्चों की व्यवस्था हवाला के जरिए कराई गई थी।
दूसरे मॉड्यूल को आईएसआई हैंडलर्स ने पेट्रोल बम बनाने और फेंकने की ट्रेनिंग दी थी। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें पुलिस और अन्य सुरक्षा संस्थानों पर हमले के लिए रेकी करने के निर्देश भी दिए गए थे। जंतर-मंतर पर चल रहे धरने में भी ये 8 लोग गए थे. वहां उन्हें स्थानीय स्तर पर समर्थन उपलब्ध कराया गया। पेट्रोल बम और अन्य सामग्री भी मुहैया कराई गई। हालांकि अपनी मंसूबों का अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।




