चलती दुर्ग-अजमेर ट्रेन में आतिशबाजी करने वाला युवक गिरफ्तार, वीडियो वायरल होते ही RPF-GRP ने की कार्रवाई

रायपुर, 09 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में चलती दुर्ग-अजमेर ट्रेन के जनरल कोच के बाहर खड़े होकर आतिशबाजी करना एक युवक को भारी पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरजीत सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरजीत सिंह ने रायपुर और बिलासपुर के बीच चल रही दुर्ग-अजमेर ट्रेन में जनरल कोच के बाहर खड़े होकर पटाखे जलाए थे। इस दौरान ट्रेन तेज रफ्तार से चल रही थी। चलती ट्रेन में इस तरह आतिशबाजी करने का वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जाने लगी।
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस सक्रिय
घटना का वीडियो सामने आने के बाद RPF और GRP ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। वीडियो के आधार पर उसकी पहचान की गई। इसके बाद रेलवे पुलिस ने पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की सघन तलाशी ली, जहां से आरोपी सुरजीत सिंह को पकड़ लिया गया।
रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज
रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। चलती ट्रेन में आतिशबाजी की इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।




