कॉकरोच जनता पार्टी फिर सड़क पर उतरी, पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर धरना, कार्यकर्ता के पिता से मारपीट का मामला

नई दिल्ली। दिल्ली में संसद मार्च के 46 दिन बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शुक्रवार को फिर से सड़क पर उतरी। CJP समर्थकों ने कार्यकर्ता नीशू भारद्वाज के पिता संजय से मारपीट के विरोध में पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक मार्च निकाला। प्रदर्शन में CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका भी शामिल हुए।
नीशू का आरोप है कि 23 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय के साथ मारपीट की गई। CJP का कहना है FIR दर्ज हुए करीब डेढ़ महीना हो चुका है, लेकिन आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस बीच स्वतंत्र का एक पॉडकास्ट वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह संजय पर हमला करने की बात कबूल करता नजर आया। हालांकि, उसने कहा कि उसने ऐसा सेल्फ डिफेंस में किया था। इस पर सौरव दास ने सवाल उठाया कि जब आरोपी खुद हमला करने की बात स्वीकार कर रहा है तो पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।
सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका को पुलिस ने बैरेकेडिंग लगाकर रोक दिया था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस से बात की। पुलिस ने बाद में सौरव और आशुतोष को बैरेकेडिंग के बीच से रास्ता देकर अंदर आने दिया।
- पीड़ित पक्ष- संजय कुमार/नीशू आजाद
CJP कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार 23 जून को जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन के दौरान घायल हुए थे। संजय की शिकायत पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में केस दर्ज हुआ। नीशू का आरोप है कि उनके पिता का सिर फोड़ा गया और डेढ़ महीने बाद भी पुलिस ने पर्याप्त कार्रवाई नहीं की।
- आरोपी- स्वतंत्र भारद्वाज
स्वतंत्र भारद्वाज ने एक वायरल पॉडकास्ट में दावा किया कि उन्होंने संजय के सिर पर हमला किया था और उन्हें 60 टांके लगे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा। बाद में भारद्वाज ने अपने बयान से पलटते हुए कहा कि यह हमला नहीं बल्कि सेल्फ-डिफेंस था। उनका दावा है कि 10-15 लोगों ने उन्हें घेर लिया था और अगर वह बचाव में कार्रवाई नहीं करते तो उन्हें भीड़ मार सकती थी।
- दिल्ली पुलिस का पक्ष
पुलिस के मुताबिक 23 जून को संजय कुमार के सिर पर कड़ा (ब्रेसलेट) लगने से चोट आई। संजय को RML अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। मेडिको लीगल केस में चोट साधारण बताई गई।
पुलिस ने खोपड़ी फटने/फ्रैक्चर के दावे को गलत बताया। सूरज कुमार (24) और स्वतंत्र भारद्वाज (21) को मौके से हिरासत में लिया गया था। जांच के दौरान दोनों को नोटिस देकर पूछताछ की गई और पुलिस का कहना है कि कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है तथा जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।




