कोरबा में 19 वर्षीय ITI छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने युवक पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलिहाभांठा गांव में 19 वर्षीय ITI छात्र की फांसी लगाने से मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान इंद्रजीत महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, मृतक के पिता दिलीप कुमार महतो ने बेटे के साथ रहने वाले एक युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सलिहाभांठा निवासी इंद्रजीत महतो करतला स्थित ITI में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड का छात्र था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था। पिता दिलीप कुमार महतो ने बताया कि इंद्रजीत स्वभाव से सीधा-साधा था और पढ़ाई को लेकर गंभीर रहता था। शुरुआत में वह घर से ही ITI आना-जाना करता था, लेकिन नियमित बस सुविधा नहीं मिलने के कारण उसे गांव के ही राजेश्वर नामक युवक के साथ रहने के लिए भेज दिया गया था।
पिता का आरोप है कि राजेश्वर उनके बेटे को लगातार मानसिक रूप से परेशान करता था। इंद्रजीत कई बार फोन पर इसकी शिकायत कर चुका था। वह बताता था कि राजेश्वर उसके साथ गाली-गलौज करता है और परिवार को लेकर भी अपशब्द कहता है। इससे वह काफी परेशान और मानसिक तनाव में रहता था।
दिलीप कुमार महतो के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले भी इंद्रजीत ने फोन पर राजेश्वर द्वारा परेशान किए जाने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने राजेश्वर से बातचीत करने का निर्णय लिया था, लेकिन इससे पहले ही बेटे की मौत की खबर मिल गई। पिता ने बताया कि वे रात करीब 12 बजे बाहर से घर लौटे, तब उन्हें घटना की जानकारी हुई।
पिता का कहना है कि इंद्रजीत अपने परिवार का बहुत सम्मान करता था। परिवार के बारे में अपशब्द कहे जाने से उसे गहरा दुख पहुंचता था। उन्होंने आशंका जताई है कि कथित मानसिक प्रताड़ना के कारण उनका बेटा तनाव में था। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पिता की ओर से लगाए गए मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।




