धमतरी में पुलिस स्मृति दिवस पर अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, SP भावना पांडेय ने किया 154 शहीद जवानों का स्मरण

धमतरी, 21 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को धमतरी जिले के रक्षित केंद्र रूद्री में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। SP भावना पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया।
समारोह में एसपी भावना पांडेय ने शहीद पुलिस जवानों के नामों का वाचन किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवान सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती रहेगी।
इस अवसर पर परिवीक्षाधीन सूबेदार ललिता मरावी और तापेश्वर सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड आयोजित कर वीर जवानों को सलामी दी। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवान शहीद हुए थे। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष समारोह में 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिस जवानों सहित धमतरी जिले के शहीद जवानों को भी याद किया गया।
कार्यक्रम के बाद एसपी भावना पांडेय, महापौर रामू रोहरा, अपर कलेक्टर और एसडीएम ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। अधिकारियों ने परिजनों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनके त्याग और बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
समारोह का संचालन सेवानिवृत्त प्राध्यापक चंद्रशेखर शर्मा ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त SP शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, अपर कलेक्टर इंदिरा देहारी, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर, एसडीएम कल्पना ध्रुव, होमगार्ड कमांडेंट शोभा ठाकुर, महापौर रामू रोहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शहीद जवानों के परिजन, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को आत्मसात करने का संकल्प दोहराया।




