ए.के. गोयल स्कूल में यातायात जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 250 विद्यार्थी हुए लाभान्वित

रायपुर, 18 नवंबर 2026। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से रायपुर कमिश्नरेट के यातायात विभाग द्वारा महादेव घाट रोड स्थित ए.के. गोयल स्कूल में यातायात जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यातायात विभाग और उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, भाटागांव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया और महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में एसीपी यातायात सीमा अहिरवार, टाटीबंध TI भुनेश्वर साहू, उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. नम्रता सिंह तथा मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसीपी यातायात सीमा अहिरवार ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, रेड सिग्नल का पालन करने तथा जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण यातायात नियमों के प्रति लापरवाही और असावधानी है। कई बार छोटी-सी गलती भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन जाती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए।
टाटीबंध TI भुनेश्वर साहू ने विद्यार्थियों को मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली दंडात्मक कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ ही अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान यातायात विभाग एवं उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल द्वारा संयुक्त रूप से तैयार की गई जागरूकता पत्रिका का विमोचन भी किया गया। इस पत्रिका में बच्चों के स्वास्थ्य, सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग और यातायात नियमों के पालन से संबंधित उपयोगी जानकारियां शामिल की गई हैं।
आयोजकों ने कहा कि विद्यार्थियों में कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है। रायपुर कमिश्नरेट का यातायात विभाग ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को जागरूक कर सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।




