अशोका पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

यशोदा-कृष्ण की वेशभूषा में बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, मटकी फोड़ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
सारंगढ़, 3 सितंबर। अशोका पब्लिक स्कूल, सारंगढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व गुरुवार को हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ किया।

इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक राजेश अग्रवाल, सीईओ संजय भूषण पाण्डेय, संचालक पुरुषोत्तम अग्रवाल, श्रीमती मधुदेवी अग्रवाल, प्राचार्य जे. मिश्रा एवं उप-प्राचार्या श्रीमती प्रीति अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे अपनी माताओं के साथ यशोदा-कृष्ण की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। राधा-कृष्ण की झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भी सजीव चित्रण किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों के लिए आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बच्चों, अभिभावकों एवं अतिथियों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद महाआरती का आयोजन किया गया। पूरा विद्यालय परिसर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा।




