Chhattisgarh

राज्यपाल ही नहीं, राष्ट्रपति पुरस्कार तक पहुंचने का लक्ष्य रखें स्काउट्स-गाइड्स : महापौर

संभाग स्तरीय राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा-2026 में 300 से अधिक प्रतिभागी शामिल

कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय रायपुर के तत्वावधान में एजुकेशन हब परिसर स्थित हॉस्टल भवन, स्याहीमुड़ी में आयोजित पांच दिवसीय संभाग स्तरीय राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा-2026 के चौथे दिन बुधवार को ग्रैंड कैंप फायर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

महापौर संजू देवी राजपूत ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स अपने सेवा कार्यों, अनुशासन और समर्पण के माध्यम से समाज में अलग पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को केवल राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राष्ट्रपति पुरस्कार तक पहुंचने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने स्काउट्स एवं गाइड्स से समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की।

राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा में मेजबान कोरबा के अलावा बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 300 से अधिक स्काउट्स एवं गाइड्स हिस्सा ले रहे हैं।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जांच परीक्षा में किसी को सफलता मिलेगी, तो किसी को असफलता का सामना भी करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि असफलता अंत नहीं है, बल्कि आगे बढ़ने के कई रास्ते खोलती है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में स्काउटिंग के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले की बेहतर स्काउटिंग एक उदाहरण है।

जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त (स्काउट) ताम्रेश्वर उपाध्याय ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन जिला मुख्य आयुक्त एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने दिया। शिविर के प्रतिवेदन का वाचन लीडर ऑफ कोर्स एवं राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) अमित कुमार क्षत्रिय ने किया। कार्यक्रम का संचालन डीओसी (स्काउट), कोरबा डीगम्बर सिंह कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला संयुक्त सचिव रेखारानी लाल ने किया।

इस अवसर पर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी सचिन तिवारी, जिला मुख्यालय आयुक्त बीएस पैकरा, सहायक जिला आयुक्त संगीता साव, प्राचार्य श्रीमती शर्मा, मुख्य परीक्षक गिरीश कुमार पाढ़ी एवं अनिता तिग्गा सहित परीक्षकगण एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button