धमतरी पुलिस ने बाजारों और गांवों तक पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश, 1930 पर तत्काल शिकायत की अपील

धमतरी। जिले में साइबर अपराधों से बचाव के लिए चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत धमतरी पुलिस ने 2 सितंबर को विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीमों ने बाजार चौक, साप्ताहिक बाजार और ग्राम पंचायत स्तर पर पहुंचकर नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए।

अभियान के दौरान नागरिकों को OTP, UPI PIN, बैंक संबंधी जानकारी, फर्जी लिंक, QR कोड, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और डिजिटल ठगी के प्रति सतर्क किया गया। पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों के साथ OTP, PIN और पासवर्ड साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की।
साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। अभियान के तहत थाना अर्जुनी क्षेत्र के मुजगहन और लोहरसी, थाना रुद्री क्षेत्र के बेन्द्रानवागांव, थाना भखारा के साप्ताहिक बाजार, थाना मगरलोड के गिरौद, चौकी करेली बड़ी के कुण्डेल और थाना दुगली के बांधा में जागरूकता कार्यक्रम हुए।
थाना भखारा के साप्ताहिक बाजार में करीब 200 और थाना मगरलोड के ग्राम गिरौद में करीब 100 से 150 लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीणों, बाजार आने वाले नागरिकों और आम लोगों ने सहभागिता की।
पुलिस ने साइबर जागरूकता के साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा, बच्चों के अधिकार तथा गुड टच-बैड टच की जानकारी भी दी। बच्चों को असहज या गलत व्यवहार की स्थिति में चुप न रहने और माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने और गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे मजबूत उपाय सतर्कता और जागरूकता है।




