Uttar Pradesh

अमरोहाः दारोगा-सिपाही और CRPF के जवानों ने फार्म हाउस में युवती से किया गैंगरेप, 4 गिरफ्तार

अमरोहा. उत्तर प्रदेश के अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में एक फार्म हाउस पर हरियाणा की 23 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यूपी पुलिस के एक दारोगा और हेड कांस्टेबल के साथ CRPF के इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है.

धार्मिक स्थल घुमाने के बहाने बुलाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, युवती हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली है. शिकायत के अनुसार, 20 सितंबर को एक महिला परिचित के जरिए उसकी मुलाकात CRPF के जवान मोहित से हुई थी. युवती 21 सितंबर को सोनीपत पहुंची, जहां से मोहित के साथ मेरठ आई. इसके बाद CRPF हेड कांस्टेबल लालाराम यादव भी उनके साथ हो गया.

हसनपुर के फार्म हाउस में पहुंचा मामला

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम मोहित और लालाराम युवती को कार से हसनपुर लेकर आए. रास्ते में यूपी पुलिस के दारोगा संजय तोमर भी उनके साथ हो गए. तीनों युवती को अतरासी-हसनपुर मार्ग स्थित एक फार्म हाउस ले गए और वहां दो कमरे लिए. शिकायत में आरोप है कि बाद में यूपी पुलिस का हेड कांस्टेबल भी वहां पहुंचा.

युवती ने पुलिस हेल्पलाइन पर किया फोन

शिकायत के मुताबिक, फार्म हाउस पर खाना और शराब लाई गई. युवती का आरोप है कि मोहित, लालाराम और संजय तोमर ने उसके साथ दुष्कर्म किया. चौथे आरोपी पर भी दुष्कर्म के प्रयास का आरोप है. युवती ने खुद को कमरे में बंद कर ऑनलाइन पुलिस हेल्पलाइन नंबर खोजा और बुधवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना दी. पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसे सुरक्षित बाहर निकाला.

चारों गिरफ्तार, विभागीय कार्रवाई शुरू

अमरोहा के एसपी लखन सिंह यादव के मुताबिक, युवती की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. स्थानीय दारोगा को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है. CRPF के दोनों कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है. पुलिस ने फार्म हाउस के प्रबंधक से भी पूछताछ की है और मामले की जांच जारी है.

Related Articles

Back to top button