रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास तैयारी: कोरबा के मुख्य और उप डाकघरों में लगी विशेष पीली पेटियां, 29 अगस्त तक मिलेगा लाभ

कोरबा। रक्षाबंधन पर्व को लेकर भारतीय डाक विभाग ने बहनों की राखियां भाइयों तक समय पर पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था शुरू की है। 28 अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर बिलासपुर संभाग के अंतर्गत कोरबा जिले में ‘राखी डाक अभियान’ शुरू किया गया है। इस विशेष व्यवस्था का लाभ 29 अगस्त तक लिया जा सकेगा।
राखी डाक अभियान के तहत कोरबा के कोसाबाड़ी स्थित मुख्य डाकघर के साथ कोरबा शहर के उप डाकघर, बालकोनगर, भैसमा सहित अन्य उप डाकघरों में राखियां भेजने के लिए अलग से पीले रंग की विशेष पत्र पेटियां स्थापित की गई हैं। इन पेटियों का उपयोग केवल राखी भेजने के लिए किया जाएगा। डाक विभाग द्वारा इन पेटियों से प्रतिदिन नियमित रूप से राखी डाक निकाली जाएगी और उन्हें अलग बैग में रखकर संबंधित पते पर शीघ्र भेजने की व्यवस्था की गई है।
प्रधान डाकघर कोरबा की अधीक्षक एस. कुजूर ने बताया कि राखियों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन दो बार डाक निकासी की व्यवस्था की गई है। इससे दूर-दराज रहने वाले भाइयों तक बहनों की राखियां समय पर पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बारिश के मौसम को देखते हुए डाक विभाग ने राखियां सुरक्षित भेजने के लिए वाटरप्रूफ लिफाफों की भी व्यवस्था की है। ये लिफाफे निर्धारित शुल्क पर डाकघरों में उपलब्ध रहेंगे। यदि कोई व्यक्ति साधारण लिफाफे में राखी भेजना चाहता है, तो उसे नियमानुसार डाक टिकट लगाकर डाक भेजनी होगी।
डाक विभाग के अनुसार कोरबा मुख्य डाकघर में फिलहाल करीब 2500 वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में डाक टिकट भी उपलब्ध हैं, ताकि रक्षाबंधन के दौरान राखी भेजने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने प्राप्त होने वाले मनीऑर्डर के त्वरित भुगतान के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। विभाग का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान डाक सेवाओं का लाभ लेने वाले लोगों को समय पर सुविधा मिल सके।
कोरबा जिले के नागरिक निर्धारित मुख्य एवं उप डाकघरों में जाकर पीली रंग की विशेष राखी पेटियों का उपयोग कर सकते हैं। डाक विभाग की इस पहल से बहनों को राखियां सुरक्षित और समय पर अपने भाइयों तक भेजने में सुविधा मिलेगी।




