Chhattisgarh

ढेलवाडीह में सजी छत्तीसगढ़ी स्वाद की महफिल, खेक्सी प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा और परंपरा

कोरबा,09 अगस्त 2026। ढेलवाडीह में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक सब्जी खेक्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अनोखे और पारंपरिक अंदाज में आयोजित इस प्रतियोगिता में ढेलवाडीह क्षेत्र की महिलाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और पारंपरिक व्यंजनों की समृद्ध संस्कृति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में महिलाओं द्वारा प्रेम और समर्पण के साथ तैयार किए गए खेक्सी के विभिन्न व्यंजनों का अतिथियों ने स्वाद लिया और आयोजन की सराहना की। पारंपरिक स्वाद और स्थानीय संस्कृति से जुड़े इस आयोजन को उपस्थित लोगों ने खूब पसंद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत लोक संस्कृति की महान विभूति एवं पद्मभूषण से सम्मानित लोक गायिका माता तीजन बाई के तेलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लाल बाबू ठाकुर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गोरे लाल यादव, महिला क्लब की संरक्षिका श्रीमती संगीता राय तथा श्रीमती सोनिया खुटे उपस्थित रहीं।

आयोजन को सफल बनाने में जागृति महिला मंडल की पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इनमें गीतांजलि ज्योति दीवान, प्रीति महंत, रजनी राठौर, रीता कंवर, प्रति गुप्ता, निशा पांडे, जयश्री, दीप सावित्री सहित अन्य महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के आयोजन में जागृति क्लब के पदाधिकारी अरविंद सिंह जोशी, बेबी, रमेश परिहार, सुबोध तिवारी और बोधि निषाद का भी विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार सचिव विमल मानिकपुरी रहे, जबकि संचालन सूर्यकांत साव ने किया।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक खान-पान और सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button