National

पेट्रोल-डीजल फिर महंगा: 10 दिन में तीसरी बढ़ोतरी, आम जनता पर बढ़ा महंगाई का बोझ

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल का असर अब देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते तेल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। शनिवार को तेल कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए। बीते 10 दिनों में यह तीसरी बार है, जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है।

नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। बढ़ी हुई कीमतें शनिवार सुबह 6 बजे से लागू कर दी गईं।

इससे पहले 19 मई को भी पेट्रोल और डीजल के दामों में समान बढ़ोतरी की गई थी, जबकि 15 मई को दोनों ईंधनों के दाम में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बड़ी वृद्धि हुई थी। मध्य-पूर्व में तनाव बढ़ने के बाद यह पहली बार है, जब भारत में लगातार ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

पिछले 10 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं। हालांकि तेल कंपनियों ने एकमुश्त बढ़ोतरी करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से कीमतें बढ़ाई हैं, लेकिन इसका असर सीधे आम आदमी के बजट पर पड़ रहा है। परिवहन खर्च बढ़ने से आने वाले दिनों में अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button