प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने पति को जिंदा जलाने की कोशिश, चारपाई से बांधकर लगाया आग

सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेहरा गांव में गुरुवार रात एक महिला पर अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति को जिंदा जलाने की कोशिश करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने महिला और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रेहरा गांव निवासी घम्मल प्रसाद गौतम ने डुमरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बेटे लालजी गौतम की पत्नी पूजा गौतम का गोरखपुर निवासी फिरोज के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि गुरुवार रात फिरोज घर आया था। इसी दौरान पूजा और फिरोज ने मिलकर लालजी को चारपाई से बांध दिया और उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी।
लालजी की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह आग बुझाई। घटना की सूचना पर 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को बेंवा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बस्ती रेफर कर दिया गया। परिजनों ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए उसे वापस घर ले आने की बात कही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा और थानाप्रभारी श्रीप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला पूजा गौतम और युवक फिरोज को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।




