Chhattisgarh

धमतरी: राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में कुरूद पुलिस की अनूठी पहल, स्कूली विद्यार्थियों ने थाना भ्रमण कर जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

धमतरी, 13 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में धमतरी पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को कानून-व्यवस्था एवं पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से विशेष पहल की है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में थाना कुरूद पुलिस द्वारा आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुरूद के कक्षा 9वीं एवं 11वीं के छात्र-छात्राओं के लिए थाना भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराधों की विवेचना, डिजिटल पुलिसिंग और नागरिक सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रसेवा और अनुशासन के आदर्शों से प्रेरित होकर 12 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को थाना परिसर के विभिन्न कक्षों और शाखाओं का भ्रमण कराया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सरल भाषा में बताया कि पुलिस किस प्रकार अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शिकायतों पर कार्रवाई करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य करती है।

थाना भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को डे अधिकारी कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, रीडर कक्ष, मुंशी एवं मददगार कक्ष, विवेचना कक्ष तथा सीसीटीएनएस कक्ष का अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों को प्रत्येक शाखा के कार्यों, पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों और थाने में संचालित दैनिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को रोजनामचा, केस डायरी और थाने में संधारित विभिन्न रजिस्टरों के महत्व से भी अवगत कराया। इसके साथ ही थाने में प्रचलित 12 तख्तियों, थाना क्षेत्र के नक्शे और बीट प्रणाली की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि बीट पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थानीय गतिविधियों पर नजर रखते हैं और आमजन से संपर्क स्थापित कर अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आधुनिक पुलिसिंग से परिचित कराते हुए सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) की कार्यप्रणाली भी समझाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से पुलिस रिकॉर्ड का संधारण, अपराधों से संबंधित सूचनाओं का प्रबंधन और विभिन्न पुलिस प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

धमतरी पुलिस के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच संवाद, सहयोग एवं विश्वास को मजबूत करना भी इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कुरूद थाना पुलिस की इस पहल से विद्यार्थियों को पुलिस के कार्यों और जिम्मेदारियों को करीब से समझने का अवसर मिला।

Related Articles

Back to top button