Chhattisgarh

जमीन बंटवारे के विवाद में भतीजे ने बुजुर्ग चाचा की टांगिया मारकर की हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार

कोरबा,23 सितम्बर 2026। जिले के पसान थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार सुबह खूनी रूप ले लिया। ग्राम पिपरिया (सीपतपारा) में एक युवक ने अपने 85 वर्षीय बुजुर्ग चाचा पर टांगिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी। गंभीर वार के चलते बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरिया (सीपतपारा) निवासी बबन राम यादव (85) मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे अपने मवेशियों को चारा देने के लिए गया था। इसी दौरान उसका भतीजा सोनू उर्फ अशोक यादव वहां पहुंचा और जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद के बीच बबन राम पर टांगिया से हमला कर दिया। हमले में बबन राम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी सोनू उर्फ अशोक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पसान थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बबन राम यादव और उसके भतीजे अशोक यादव उर्फ सोनू के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद और मनमुटाव चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने मंगलवार सुबह अपने चाचा पर टांगिया से हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button