Chhattisgarh

BALCO:राज्य स्तरीय जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में रियांश पाडियार का चयन, मिनीमाता विद्यालय बालको नगर का बढ़ाया मान

कोरबा,23 सितम्बर 2026। लोक शिक्षण संचालनालय, अटल नगर, नवा रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल शिक्षा विभाग की खेल प्रतियोगिता के लिए मिनीमाता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालको नगर के कक्षा 10वीं के छात्र रियांश पाडियार का जूनियर वर्ग हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। रियांश अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन राजनांदगांव में किया जा रहा है, जिसके लिए रियांश रवाना हो चुके हैं। उनके चयन की खबर से विद्यालय परिवार सहित कोरबा जिले के हॉकी खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

रियांश पाडियार ने अपने निरंतर अभ्यास, खेल कौशल और बेहतर प्रदर्शन के दम पर जूनियर वर्ग की राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। विद्यालय स्तर से लेकर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि मिनीमाता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालको नगर के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। रियांश प्रतियोगिता में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी टीम के साथ मैदान में उतरेंगे।

रियांश के चयन पर मिनीमाता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालको नगर के प्राचार्य भोजेंद्र सिंह ने कहा कि रियांश ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। रियांश का राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने रियांश को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रियांश के चयन एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राजनांदगांव रवाना होने पर जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, जिला खेल अधिकारी दीनू पटेल, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी जेके गवेल, पूर्व क्रीड़ा अधिकारी केआर टंडन, सहायक खेल अधिकारी रामकृपाल साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कोरबा जितेन्द्र साहू, वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक कृष्णा गढ़वाल, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ कोरबा के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र महतो, सचिव सनत कालेलकर, हॉकी कोच बालको नगर गोपाल दास महंत, कल्याण शिक्षण समिति के सचिव गिरीश शर्मा, कोषाध्यक्ष केशव कुर्रे सहित पांचों विकासखंड के क्रीड़ा प्रभारी एवं विद्यालय के शिक्षकों ने बधाई दी।

विद्यालय परिवार एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने रियांश पाडियार को राज्य स्तरीय जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने उम्मीद जताई कि रियांश अपने खेल कौशल और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कोरबा जिले का नाम रोशन करेंगे। रियांश के चयन से बालको नगर और कोरबा में हॉकी के प्रति खिलाड़ियों एवं युवाओं का उत्साह भी बढ़ा है।

Related Articles

Back to top button