Chhattisgarh

सीआईएसएफ की ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कोरबा,07 जून 2026। प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर द्वारा रविवार को गेवरा एवं दीपका क्षेत्र के बल सदस्यों की संयुक्त सहभागिता से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

रैली का शुभारंभ सीआईएसएफ परेड ग्राउंड गेवरा से उप कमांडेंट प्रवेश पाण्डेय एवं सहायक कमांडेंट सुमन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली बिंझरा स्कूल, विजय नगर एवं ढुरेना मार्ग से होते हुए पुनः परेड ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया।

उप कमांडेंट प्रवेश पाण्डेय ने कहा कि “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने नियमित साइकिल चलाने के लाभ बताते हुए कहा कि इससे शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है और मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।

सहायक कमांडेंट सुमन सिंह ने कहा कि दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देकर न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने सभी बल सदस्यों और नागरिकों से नियमित रूप से साइकिल चलाने का आह्वान किया।

रैली के दौरान बल सदस्यों में उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। प्रतिभागियों ने मार्ग में पड़ने वाले गांवों और बस्तियों में स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने के फायदे तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण के लिए अपनी सकारात्मक सहभागिता जताई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाना तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को प्रोत्साहित करना था। सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर की यह पहल ‘फिट इंडिया’ अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में प्रेरणादायक साबित हुई।

Related Articles

Back to top button