Chhattisgarh

वरिष्ठ पत्रकार हरिराम चौरसिया का निधन, कोरबा के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

कोरबा,09 नवम्बर 2026। कोरबा प्रेस क्लब के सम्माननीय सदस्य एवं शहर के वरिष्ठ पत्रकार हरिराम चौरसिया का रविवार, 08 नवंबर 2026 की रात लगभग 8 बजे आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने रायपुर स्थित संजीवनी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से कोरबा के पत्रकारिता जगत सहित विभिन्न सामाजिक एवं मीडिया संगठनों में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।

वरिष्ठ पत्रकार हरिराम चौरसिया के निधन को कोरबा की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में निष्पक्षता, ईमानदारी और उच्च नैतिक मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। अपने कार्य के प्रति समर्पण, निर्भीक लेखनी और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए वे जाने जाते थे। उनके योगदान को कोरबा के पत्रकारिता जगत में सदैव स्मरण किया जाएगा।

कोरबा प्रेस क्लब ने वरिष्ठ पत्रकार हरिराम चौरसिया के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रेस क्लब की ओर से जारी शोक संवेदना में कहा गया कि उनके निधन से प्रेस क्लब ने अपना एक सम्माननीय सदस्य खो दिया है। उनका जाना न केवल पत्रकारिता जगत, बल्कि उन सभी लोगों के लिए भी बड़ी क्षति है, जिनका उनसे आत्मीय जुड़ाव रहा।

प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिवंगत पत्रकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा दुःख की इस कठिन घड़ी में उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।

वरिष्ठ पत्रकार हरिराम चौरसिया का निधन कोरबा के मीडिया जगत में एक ऐसी रिक्तता छोड़ गया है, जिसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button