बिलासपुर से छपरा के बीच 14 और 21 नवंबर को चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया में होगा ठहराव

कोरबा, 9 नवंबर 2026। दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर और छपरा के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरों के लिए किया जाएगा। इससे छत्तीसगढ़ से बिहार और उत्तर प्रदेश की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08255 बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल 14 एवं 21 नवंबर 2026 को बिलासपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन शनिवार को शाम 6 बजे बिलासपुर स्टेशन से प्रस्थान कर अगले दिन रविवार को दोपहर 2:40 बजे छपरा पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 08256 छपरा-बिलासपुर पूजा स्पेशल 15 एवं 22 नवंबर 2026 को छपरा से रवाना होगी। यह ट्रेन रविवार को शाम 5:25 बजे छपरा से चलकर अगले दिन सोमवार को दोपहर 3 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया रेलवे स्टेशनों पर भी रहेगा। बिलासपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन शाम 7:32 बजे पेंड्रारोड, रात 8:32 बजे अनूपपुर, रात 9:19 बजे शहडोल तथा रात 10:17 बजे उमरिया पहुंचेगी।
इन 14 स्टेशनों पर होगा ठहराव
बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल ट्रेन पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी, जौनपुर, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और बलिया रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।
21 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
इस विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इनमें 7 स्लीपर, 4 एसी थर्ड, 2 एसी सेकंड, 2 एसी थर्ड इकोनॉमी, 4 जनरल कोच तथा एक पावरकार और एक एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के परिचालन दिवस एवं समय-सारिणी की जानकारी NTES या रेलवन ऐप से प्राप्त करने की अपील की है।




