Chhattisgarh

सारंगढ़ पुलिस का 48 घंटे का नारकोटिक्स अभियान, 108.640 किलो गांजा सहित 1.14 करोड़ की संपत्ति जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 सितंबर। ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सारंगढ़ पुलिस के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने 2 से 4 सितंबर तक लगातार 48 घंटे तक सघन अभियान चलाया। थाना सरिया, बरमकेला और डोंगरीपाली पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान में गांजा तस्करी के चार प्रकरणों में कुल 108.640 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गांजा सहित वाहनों और अन्य सामग्री को मिलाकर कुल 1 करोड़ 14 लाख 50 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

अभियान के दौरान सारंगढ़ जिले में तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं एक प्रकरण में स्थानीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त भूमिका रही।

2 सितंबर को डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के ग्राम बिरनीपाली बैरियर के पास पुलिस ने उत्तर प्रदेश के तीन आरोपियों महेश निषाद, अमित पाठक और किशन सिंह को पकड़ा। इनके कब्जे से 15.03 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 7.50 लाख रुपये है, बरामद किया गया।

3 सितंबर को ग्राम कंचनपुर बैरियर पर कार्रवाई के दौरान सोनू राय, रॉबिन मंडल, भोपाल मंडल, भूपेंद्र जाटवार और कन्हैया दास को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 4.150 किलोग्राम गांजा, एक मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक CG 13 BK 4475 और पांच स्मार्ट मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त मशरूका की कुल कीमत 13 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।

इसी दिन कंचनपुर बैरियर के पास एक अन्य कार्रवाई में 54.325 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 27 लाख 12 हजार 500 रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी कार क्रमांक CG 10 EP 2600, जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये है, भी जब्त की गई। इस मामले में उत्तर प्रदेश के महोबा निवासी वीरेंद्र कुमार चौरसिया और झांसी निवासी राहुल कुमार खटीक को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण में कुल 32 लाख 12 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

एक अन्य मामले में एएनटीएफ और सरिया पुलिस की टीम कंचनपुर बैरियर पर जांच कर रही थी। इसी दौरान UP 70 RT 1067 नंबर की हुंडई औरा कार संदिग्ध परिस्थितियों में रुककर पीछे मुड़ने लगी। पूछताछ के दौरान संदेह होने पर पुलिस ने जांच तेज की। कुछ दूरी पर UP 70 RT 3451 नंबर की एक अन्य हुंडई औरा कार मिली।

दोनों वाहनों में सवार छह लोगों से पूछताछ में पता चला कि उनके पीछे एक काले रंग की टाटा सफारी कार गांजा लेकर प्रयागराज जा रही थी और दोनों कारें उसकी पायलटिंग कर रही थीं। पुलिस की चेकिंग देखकर टाटा सफारी वापस मुड़ गई।

सारंगढ़ पुलिस ने तत्काल रायगढ़ पुलिस को इसकी सूचना दी। रायगढ़ पुलिस ने लैलूंगा थाना क्षेत्र में टाटा सफारी और उसके साथ चल रही एक स्कूटी को पकड़ लिया। कार्रवाई में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर 34.865 किलोग्राम गांजा, दो हुंडई औरा कार, एक टाटा सफारी और एक स्कूटी सहित कुल 61 लाख 53 हजार 200 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार सभी मामलों में आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। प्रकरणों में एंड-टू-एंड जांच जारी है। इस तरह सारंगढ़ और रायगढ़ पुलिस ने संयुक्त अभियान में गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1 करोड़ 14 लाख 50 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की।

Related Articles

Back to top button