Chhattisgarh

शराब के लिए पैसे मांगने से मना किया तो युवक से मारपीट, घर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोरबा, 12 सितम्बर 2026 । जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घटना के कुछ घंटे बाद युवक के घर पहुंचकर उसके साथ दोबारा मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, फरसवानी निवासी संतोष राठौर 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। संतोष ने जब पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट कर दी। इस घटना में उसके हाथ में चोट आई।

बताया गया कि विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। रात करीब 12:30 बजे आरोपी दोबारा संतोष के घर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने घटना की शिकायत थाना उरगा में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 507/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम सक्रिय की। लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी के अपने निवास पर मौजूद होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर, पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे 12 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता रही है। वह हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है और कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। वर्तमान मामले में दोबारा आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसके विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनकी पहचान और संलिप्तता के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों और वर्तमान मामले को ध्यान में रखते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों पर निगरानी रखने के साथ उनके खिलाफ नियमानुसार प्रतिबंधात्मक और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button