Chhattisgarh

नृपेंद्र नाथ ने संभाला एसईसीएल निदेशक तकनीकी योजना/परियोजना का अतिरिक्त प्रभार

बिलासपुर, 12 सितम्बर 2026। सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) के निदेशक (तकनीकी) नृपेंद्र नाथ ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (तकनीकी) – योजना/परियोजना का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण कर लिया है। नई जिम्मेदारी संभालने पर एसईसीएल परिवार की ओर से उनका स्वागत करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

पदभार ग्रहण करने के अवसर पर नृपेंद्र नाथ ने एसईसीएल के निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र से सौजन्य भेंट की। इस दौरान एसईसीएल के बड़ी संख्या में विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

नृपेंद्र नाथ को खनन परिचालन, परियोजना क्रियान्वयन, योजना और खान सुरक्षा के क्षेत्र में लंबा एवं व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्होंने वर्ष 1988 में आईआईटी (आईएसएम), धनबाद से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के एन.के. क्षेत्र से की। विश्व बैंक सहायता प्राप्त केडीएच परियोजना में उन्होंने करीब दो दशकों तक महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की विभिन्न खदानों में परियोजना अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। इसके अलावा वे सीसीएल के मगध-संघमित्रा क्षेत्र में क्षेत्रीय महाप्रबंधक के पद पर भी कार्यरत रहे। उनके कार्यकाल में मगध-संघमित्रा क्षेत्र ने प्रतिष्ठित 20 मिलियन टन उत्पादन क्लब में स्थान बनाया।

खान सुरक्षा के क्षेत्र में भी नृपेंद्र नाथ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऑस्ट्रेलिया में प्रशिक्षित सिमटार्स-प्रमाणित प्रशिक्षक के रूप में उन्होंने कोल इंडिया लिमिटेड की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों में खान सुरक्षा से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही खान सुरक्षा प्रबंधन योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में भी उन्होंने योगदान दिया।

नृपेंद्र नाथ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खनन क्षेत्र की कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीकों का अनुभव भी प्राप्त है। वर्ष 2024 में वे एजीटीएमपी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में कई यूरोपीय देशों के दौरे पर गए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न देशों में अपनाई जा रही वैश्विक खनन प्रथाओं और आधुनिक खनन तकनीकों का अध्ययन किया।

वर्तमान में नृपेंद्र नाथ सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 31 अक्टूबर 2025 को इस पद का कार्यभार ग्रहण किया था। अब एसईसीएल में निदेशक (तकनीकी) – योजना/परियोजना का अतिरिक्त प्रभार मिलने से कंपनी की परियोजना योजना, विकास और तकनीकी गतिविधियों में उनके व्यापक अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button