Chhattisgarh

लूट के आरोपी को पकड़वाने वाले युवक का सम्मान,रायपुर पुलिस ने आकाश शुक्ला को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

रायपुर। राजधानी रायपुर में साहस और सजगता का परिचय देते हुए लूट के आरोपी को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाने वाले युवक आकाश शुक्ला को रायपुर पुलिस ने सम्मानित किया है। पुलिस आयुक्त श्री संजीव शुक्ला ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार, मार्च 2025 में थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कैनल रोड कटोरा तालाब के पास दिलीप महानंद नामक युवक कुर्सी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक युवक ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और मोबाइल फोन व नगदी लूटकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 112/25 के तहत धारा 309(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी केशव सोनी पिता पुरुषोत्तम सोनी, निवासी रायपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में आम नागरिक आकाश शुक्ला ने साहस और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

आकाश शुक्ला की बहादुरी और पुलिस सहयोग को देखते हुए मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल भी मौजूद रहे।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि अपराध नियंत्रण और सुरक्षित समाज के निर्माण में जागरूक नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे साहसिक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और अन्य लोगों को भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हैं।

रायपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button