Chhattisgarh

रायपुर में 16 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 8.29 लाख का माल जब्त

रायपुर, 03 सितम्बर 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख 29 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस उपायुक्त पश्चिम राबिन्सन गुड़िया के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीद-बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के लिए लगातार सूचना संकलन किया जा रहा है। इसी क्रम में 2 सितंबर 2026 को न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि लालपुर ओवरब्रिज के पास दो व्यक्ति ट्रेवल बैग में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में बैठे हैं।

सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन राहुल शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देशन में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ा।

पुलिस ने पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद ट्रेवल बैग की जांच की। तलाशी में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज खान पिता भूरा, उम्र 23 वर्ष, निवासी जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश और मोहम्मद कैफ पिता अब्दुल कादिर, उम्र 20 वर्ष, निवासी जिला जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस ने अरबाज खान के कब्जे से 8 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन तथा मोहम्मद कैफ के कब्जे से 8 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया। इस तरह दोनों आरोपियों के पास से कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 312/2026 दर्ज कर धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपियों से गांजा की सप्लाई, खरीदी और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों तथा इसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Back to top button