CG Weather Today : बरसेंगे बादल या सताएगी तेज धूप? जानिए छत्तीसगढ़ में आज कैसा रहेगा मौसम

CG Weather Today : रायपुर. मानसून की विदाई के बाद छत्तीसगढ़ के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात और हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है. इसके बाद सुबह हल्की ठंडक महसूस हो सकती है. साथ ही रात के तापमान की अपनी सामान्य स्थिति में आने की संभावना है.
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अब तक मौसम में बदलाव के कारण न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ था. अब न्यूनतम तापमान में गिरावट का पहला दौर शुरू हो सकता है. अगले सप्ताह तक, यानी हवा की दिशा में बदलाव होने तक, रात का तापमान सामान्य स्तर पर पहुंच जाएगा. इससे रात में ठंड का एहसास बढ़ने लगेगा के आसार हैं.
CG Weather Today : रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?
राजधानी रायपुर में आज मौसम में कुछ खास बदलाव नहीं आएगा. मौसम विभाग ने 19 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना जताई है. दिन में पारा 33 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है, तो रात में तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं.
CG Weather Today : लगातार चौथे दिन राजधानी सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों में बारिश हुई. प्रदेश में लगातार चौथे दिन रायपुर सबसे गर्म रहा. यहां रविवार को 33.2 डिग्री सेल्सियस और अंबिकारपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आज हल्की बारिश संभव
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है. इसके अलावा कुछ जगहों पर बादल गरजने और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी दी गई है. दो दिन बाद भी इसी तरह की मौसम रह सकता है.



