भाटापारा अंडरब्रिज में तेज रफ्तार ट्रक पोल से टकराया, चालक गंभीर रूप से घायल; डायल 112 की टीम ने बचाई जान

भाटापारा, 18 अगस्त 2026। भाटापारा शहर के अंडरब्रिज में देर रात एक तेज रफ्तार लोड ट्रक हादसे का शिकार हो गया। ट्रक हाइट लिमिट के लिए लगाए गए लोहे के पोल से जोरदार टकरा गया। दुर्घटना में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त की रात करीब 2 बजे डायल 112 को भाटापारा शहर अंडरब्रिज में गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही भाटापारा शहर और भाटापारा ग्रामीण डायल 112 की संयुक्त टीम बिना देरी किए घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि तेज रफ्तार लोड ट्रक अंडरब्रिज में लगे ऊंचाई सीमा वाले लोहे के पोल से टकराया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। चालक वाहन के केबिन में फंस गया था और गंभीर चोट लगने के कारण दर्द से तड़प रहा था।
डायल 112 की टीम ने तत्काल स्थिति का जायजा लेते हुए घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से घायल चालक को समय रहते मदद मिल सकी। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
भाटापारा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ कि आपात स्थिति में डायल 112 सेवा लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। देर रात हुए इस हादसे में पुलिस टीम ने सूचना मिलने के तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि अंडरब्रिज और कम ऊंचाई वाले मार्गों में प्रवेश करने से पहले लगाए गए हाइट लिमिट संकेतकों और चेतावनी बोर्ड का पालन करें। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। विशेषकर भारी वाहनों के चालकों को निर्धारित ऊंचाई सीमा और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करना चाहिए।





