Chhattisgarh

पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के प्रयासों से जांजगीर-नैला में विकास कार्यों के लिए 62 लाख रुपये मंजूर, हॉकी खिलाड़ियों को मिलेगा नया भवन

जांजगीर-चांपा, 13 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल के सतत प्रयासों और अनुशंसा के फलस्वरूप नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 62 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा अधोसंरचना मद के अंतर्गत यह राशि स्वीकृत की गई है, जिससे नगर क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए जाएंगे।

स्वीकृत राशि में चर्च के पास भवन निर्माण कार्य के लिए 9.96 लाख रुपये तथा मेजर ध्यानचंद हॉकी मैदान में खिलाड़ियों के लिए भवन निर्माण कार्य हेतु 10.34 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र में अन्य आवश्यक विकास कार्य भी इस राशि से कराए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार मेजर ध्यानचंद हॉकी मैदान में खिलाड़ियों के लिए भवन निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की मांग को देखते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने पूर्व में इस निर्माण कार्य की घोषणा की थी। अब विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है।

स्वीकृति मिलने पर नारायण चंदेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों के विकास और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़वाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद अजीत गढ़वाल सहित जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस स्वीकृति का स्वागत किया है। जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष गोपेश्वर कहरा, सचिव राकेश गढ़वाल, मार्गदर्शक राजीव सिंह, सोमदेव खरे, दीपक खरसन, कृष्णा गढ़वाल, बादल गढ़वाल, रितेश बर्मन, चंद्रजीत सोनवान, सूरज खरे और पुष्पेन्द्र गढ़वाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और नारायण चंदेल के प्रति आभार जताया।

स्थानीय नागरिकों और खिलाड़ियों का मानना है कि हॉकी मैदान में भवन निर्माण होने से खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं नगर क्षेत्र में प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों से भी नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button