धमतरी में साइबर जागृति अभियान को मिला शिक्षकों का साथ, सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान

धमतरी, 05 सितम्बर 2026 । साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत धमतरी पुलिस ने शिक्षकगण एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को अभियान से जोड़ा। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय एवं थाना प्रभारियों ने साइबर जागरूकता में सहयोग करने वाले शिक्षकों और सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया।
पुलिस ने सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर शर्मा, अशोक पवार एवं नीरू नंदा को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में शिक्षकगणों का भी सम्मान करते हुए उन्हें साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान शिक्षकों ने नागरिकों से अनजान फोन कॉल, फर्जी मैसेज और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी अनजान स्रोत से APK फाइल डाउनलोड न करें और OTP, UPI PIN, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत वरिष्ठ नागरिकों, आम नागरिकों और छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाना से संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ जनजागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से साइबर ठगी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।




