Chhattisgarh

Bilaspur News : 23 संदिग्ध व्यक्तियों को रायपुर डिटेंशन सेंटर भेजा, अवैध घुसपैठियों की पहचान के लिए STF का गठन

बिलासपुर, 05 सितम्बर 2026 । छत्तीसगढ़ में अवैध अप्रवासियों, बांग्लादेशी घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन को लेकर बिलासपुर पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। राज्य शासन के निर्देश के बाद बिलासपुर पुलिस ने विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन कर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सघन जांच और कार्रवाई शुरू की है। इसी अभियान के तहत थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में निवासरत 23 संदिग्ध व्यक्तियों को 4 सितंबर 2026 को पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर, रायपुर भेजा गया है।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) रश्मिता कौर चावला के नेतृत्व में 7 निरीक्षकों को शामिल करते हुए विशेष टास्क फोर्स गठित की गई है। जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध रूप से निवासरत व्यक्तियों और बिना वैध दस्तावेजों वाले संदिग्ध लोगों की पहचान एवं दस्तावेजों के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष टास्क फोर्स द्वारा बिलासपुर जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार जांच, चेकिंग और छापामार कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान ऐसे कई लोगों की जानकारी सामने आई, जिनके मूल निवास, पहचान और भारत में रहने से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन आवश्यक पाया गया। दस्तावेजों की प्रमाणिकता की जांच के लिए संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों से भी संपर्क किया गया।

बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर क्षेत्र का दौरा कर वहां के पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से मुलाकात की। टीम ने बिलासपुर में निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों से संबंधित जानकारी और दस्तावेज साझा किए। इसके साथ ही संबंधित थाना क्षेत्रों में जाकर पुलिस अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से जानकारी जुटाई गई।

पुलिस के अनुसार, मुर्शिदाबाद और जंगीपुर समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में बांग्लादेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश और उनके यहां रुकने से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए गए हैं। उपलब्ध दस्तावेजों और प्रारंभिक जांच के आधार पर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के 23 संदिग्ध व्यक्तियों को फिलहाल रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। उनकी पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह हो अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना पुलिस को दी जाए। इसके लिए पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस का कहना है कि नागरिकों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक जांच और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बिलासपुर पुलिस के अनुसार, इस अभियान से पहले भी अवैध रूप से निवासरत संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। उपलब्ध पुलिस अभिलेख के मुताबिक पूर्व में दो संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

थाना तोरवा क्षेत्र में अवैध रूप से निवासरत बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद हुसैन उर्फ सुब्रती शर्मा उर्फ सागर, निवासी शाहपुर, आरापाड़ा, नौवापाड़ा, पुलिस स्टेशन कोतवाली, जिला जशोर, बांग्लादेश की पहचान के बाद 12 जुलाई 2025 को उसके विरुद्ध बांग्लादेश निर्वासन (Quit India) की कार्रवाई की गई थी।

इसी तरह थाना तोरवा में 17 मार्च 2025 को बांग्लादेश की एक नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में आरोपी हृदय कुमार शर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 122/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। न्यायालयीन निर्णय के बाद बांग्लादेश Deportation की कार्रवाई होने तक उसे रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध घुसपैठ, बिना वैध दस्तावेजों के निवास और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और दस्तावेज सत्यापन की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button