दो पक्षों के बीच खूनी झड़प, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर धारदार हथियार से हमला, 5 घायल

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित हेमूनगर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मारपीट में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान अपने दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे अमन सिन्हा पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। घायल अमन सिन्हा ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ मारपीट होते देख उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में अमन सिन्हा के चेहरे और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं मारपीट में उसके एक साथी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। इधर पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में युवकों का आपस मे विवाद हुआ था, जिसमें 5 लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।




