Chhattisgarh

दुर्ग में महिलाओं की सुरक्षा को नई ताकत, 14 ‘पिंक पेट्रोलिंग’ टीमें हुईं तैनात, SSP विजय अग्रवाल ने किया शुभारंभ

भिलाई, 16 जुलाई 2026। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में ‘पिंक पेट्रोलिंग’ अभियान की शुरुआत की है। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को रवाना किया। ये टीमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त कर महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।

दुर्ग पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के 13 थाना क्षेत्रों और एक रक्षा टीम सहित कुल 14 पिंक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि टीम का नेतृत्व एक पीएसआई (PSI) प्रभारी करेंगे। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखना, महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करना और लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना है।

पिंक पेट्रोलिंग टीमें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में छात्राओं के आने-जाने के समय विशेष निगरानी रखेंगी। इसके अलावा बाजार, मॉल, पार्क, गार्डन, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। टीमों को महिलाओं से संबंधित शिकायतों और डायल-112 के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं पर तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता और वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान असामाजिक तत्वों, मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

पिंक पेट्रोलिंग अभियान के प्रभावी संचालन और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम और सुश्री आकर्षि कश्यप को सौंपी गई है। दोनों अधिकारी अभियान की नियमित निगरानी कर इसकी प्रभावशीलता सुनिश्चित करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

दुर्ग पुलिस ने महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 या निकटतम पुलिस थाने को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक सूचना पर त्वरित और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button