Chhattisgarh

Raipur Crime : मोबाइल हैक कर 3.94 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले झारखंड के दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 16 जुलाई। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस ने मोबाइल हैक कर बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को झारखंड के बोकारो से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने फर्जी मैसेज भेजकर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट का मोबाइल हैक किया और उनके यूको बैंक व एक्सिस बैंक खातों से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए लाखों रुपये उड़ा लिए थे।

पुलिस के अनुसार, डीडी नगर थाना क्षेत्र के कंचनगंगा फेस-2 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर कई संदिग्ध मैसेज आए। मैसेज खोलने के कुछ ही देर बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने के संदेश मिलने लगे। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच उनके खातों से कुल 3 लाख 94 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी कर ली गई।

शिकायत के आधार पर थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 186/26 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन, तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का गहन विश्लेषण किया। जांच में आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और लगातार निगरानी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए साइबर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच करा रही है। जांच का उद्देश्य पूरे साइबर गिरोह के नेटवर्क, उसके अन्य सदस्यों तथा देश के विभिन्न राज्यों में की गई संभावित साइबर ठगी की घटनाओं का खुलासा करना है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र निवासी विशाल कुमार सिंह (26 वर्ष) और जरीडीह थाना क्षेत्र निवासी महेश प्रसाद सिंह (34 वर्ष) के रूप में हुई है।

Related Articles

Back to top button