Chhattisgarh

तेज रफ्तार थार ने स्कूटी को मारी टक्कर,भाई-बहन की मौत:जांजगीर-चांपा के बलौदा में भिड़ंत, मामा के घर बर्थडे पार्टी में जाते समय हुआ हादसा

जांजगीर-चांपा । जिले के ग्राम जावलपुर में एक तेज रफ्तार थार कार ने स्कूटी सवार भाई-बहन को सामने से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान ग्राम दहकोनी निवासी विनोद कौशिक (25 वर्ष) और कापन निवासी खुशी कश्यप (20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार कापन की खुशी कश्यप अपनी स्कूटी से ग्राम दहकोनी स्थित अपने भाई विनोद कौशिक के घर पहुंची थीं। वहां से वे दोनों अपने मामा के घर जावलपुर में आयोजित एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। स्कूटी विनोद कौशिक चला रहा था।

शाम करीबन 6.30 बजे दोनों अपने मामा के गांव पहुंचने ही वाले थे कि बलौदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार कार (CG 10 BM 7214) के चालक संस्कार ने विपरीत दिशा से आते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई-बहन एक-दूसरे से दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने थार वाहन के चालक संस्कार को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। आज बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button