Chhattisgarh

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: एक्टिवा और बाइक की टक्कर के बाद भारी वाहन ने कुचला, युवक-युवती की मौत

कोरबा, 04 नवंबर 2026। जिले में बुधवार सुबह कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक्टिवा और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे युवक और युवती को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार भारी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि पहले एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिससे दोनों वाहनों पर सवार युवक और युवती सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहा भारी वाहन दोनों को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में बाइक सवार युवक और एक्टिवा सवार युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 और संजीवनी वाहन को सूचना दी। हादसे की जानकारी कुसमुंडा थाना पुलिस को भी दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button