Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड किरण साल्वे महाराष्ट्र से गिरफ्तार

  • BDG बिग डैडी गेम ऐप के जरिए चल रहा था करोड़ों का नेटवर्क, टेलीग्राम और व्हाट्सएप से फैलाया जा रहा था सट्टे का जाल; बैंक खाते की रकम कराई गई फ्रीज

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए BDG (बिग डैडी गेम) ऐप के जरिए अवैध सट्टा नेटवर्क संचालित करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरण महादु साल्वे (पिता अलमता साल्वे), निवासी दत्ता नगर, थाना दौड़, जिला पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में जमा रकम को भी फ्रीज कराया है। मामले में इससे पहले छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, साइबर थाना जांजगीर को सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में रेड कार्रवाई की। पूछताछ में हेमलाल यादव ने BDG बिग डैडी गेम नामक ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए चल रहे बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया कि उसे इस गेम की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने उपलब्ध कराई थी।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर शैलेंद्र कुमार शर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि शैलेंद्र के पास BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक थे, जिन्हें वह व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य लोगों तक पहुंचाता था। यह नेटवर्क कमीशन आधारित तरीके से संचालित किया जा रहा था। इसमें नए लोगों को लिंक के जरिए जोड़ने और उनके द्वारा सट्टे में रकम लगाने पर ऊपर के एडमिन को कमीशन मिलता था। शैलेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था।

जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र निवासी किरण साल्वे ने टेलीग्राम पर ‘ईगल BDG गेम’ नाम से चैनल बनाया था। इसी चैनल के माध्यम से उसने शैलेंद्र शर्मा को जांजगीर जिले का प्रमुख एडमिन बनाया था। जिले के लोगों द्वारा ऐप में लगाई जाने वाली रकम के लेनदेन और कमीशन का हिसाब भी इसी नेटवर्क के जरिए संचालित होता था। शैलेंद्र को प्रत्येक ट्रांजेक्शन पर कमीशन मिलता था, जबकि सबसे ऊपर बैठे किरण साल्वे को जिले के पूरे नेटवर्क से कमीशन प्राप्त होता था।

पुलिस ने टेलीग्राम चैनल की चैटिंग, व्हाट्सएप बातचीत और पैसों के लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाकर किरण साल्वे की संलिप्तता की पुष्टि की। इसके बाद साइबर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के पुणे से उसे गिरफ्तार कर जांजगीर लाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

इस कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टे के पारंपरिक तरीकों के बजाय मोबाइल ऐप, टेलीग्राम चैनल, व्हाट्सएप ग्रुप और USDT जैसी क्रिप्टो डिजिटल करेंसी के माध्यम से किए जा रहे वित्तीय लेनदेन का भी खुलासा हुआ है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा, जुआ और ऐप आधारित वित्तीय गतिविधियों के लालच में न आएं। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button