Chhattisgarh

कोरबा को 15वें वित्त आयोग से ₹37.28 करोड़ की सौगात, 116 विकास कार्यों को मिली मंजूरी

मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयास से सभी वार्डों में सड़क, नाली व मूलभूत सुविधाओं के कार्य होंगे

कोरबा, 3 जुलाई। नगर पालिक निगम कोरबा को 15वें वित्त आयोग के तहत 37 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से 116 विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के लिए नगर विधायक एवं प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद शहर के सभी वार्डों में सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल प्रबंधन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

नगर निगम ने अप्रैल 2026 में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेजे थे। इन प्रस्तावों की शीघ्र स्वीकृति के लिए मंत्री लखन लाल देवांगन ने गुरुवार को उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर स्वीकृति का आग्रह किया। इसके बाद सभी 116 प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान कर दी गई।

स्वीकृत कार्यों में शहर के प्रत्येक वार्ड में सीसी सड़क, आरसीसी नाली, जल निकासी व्यवस्था, सड़क निर्माण और अन्य मूलभूत अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। कई स्थानों पर वर्षों से जलभराव और खराब सड़कों की समस्या बनी हुई थी, जिनके समाधान की दिशा में यह स्वीकृति अहम मानी जा रही है।

नगर निगम के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 से लेकर सभी वार्डों में गली-गली तक सड़क एवं नाली निर्माण, तालाबों के आसपास जल निकासी व्यवस्था, प्रमुख मार्गों के उन्नयन तथा मोहल्लों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के कार्य किए जाएंगे।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बड़े अधोसंरचनात्मक कार्यों के साथ-साथ गली-मोहल्लों की छोटी-छोटी समस्याओं का भी तेजी से समाधान किया जा रहा है। उनका लक्ष्य शहर के किसी भी वार्ड को विकास से वंचित नहीं रहने देना है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा में विकास कार्यों को लगातार स्वीकृति मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि अब तक शहर के लिए लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनका लाभ नागरिकों को मिलने लगा है।

Related Articles

Back to top button