भाजपा किसान मोर्चा पदाधिकारी पर हमला व लूट मामले में पांच गिरफ्तार, दो बाप-बेटे भी शामिल

कोरबा, 3 जुलाई। भाजपा किसान मोर्चा मंडल कोरबा के महामंत्री (मंत्री) कपिलेश्वर धीरज पर हुए जानलेवा हमले और कथित लूटकांड के मामले में बालको नगर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो बाप-बेटे भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, भुलसीडीह गांव निवासी कपिलेश्वर धीरज बुधवार देर रात निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास स्थित अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की, लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा मारपीट के दौरान 60 हजार रुपये नकद भी लूट लिए।
घायल कपिलेश्वर धीरज को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में बाहरी मजदूरों के बीच गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की कथित सप्लाई का विरोध किया था। इसी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया।
बालको नगर थाना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने रजगामार निवासी अरुण रात्रे, लक्ष्मी रात्रे, गोरेलाल टंडन, संदीप महिलांगे और अनिल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। इनमें लक्ष्मी रात्रे और अरुण रात्रे पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं।
पहले भी भाजपा नेता पर हुआ था हमला
गौरतलब है कि 15 जून को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भाजपा मलकू नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर भी लाठी-डंडे और रॉड से हमला किया गया था। इस मामले में हिस्ट्रीशीटर रज्जाक अली और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने रज्जाक अली के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को पुनः खोलते हुए उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव जिला दंडाधिकारी को भेजा है। साथ ही उसके विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।
कानून व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
इधर, जिले में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कोरबा शहर एवं जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था की ओर ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने हाल की आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। राठौर का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है, जिससे उनके हौसले लगातार बढ़ रहे हैं।




