कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम ने किया एसईसीएल की गेवरा खदान का दौरा, श्रमिकों से की सीधी बातचीत

कोरबा, 10 अक्टूबर। कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने 10 अक्टूबर 2026 को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा खदान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खदान के विभिन्न माइनिंग पैचों का निरीक्षण कर उत्पादन एवं उत्पादकता की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय और ठेका श्रमिकों से सीधे बातचीत कर कार्यस्थल पर मशीनों के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और कामकाज से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
दौरे की शुरुआत में चेयरमैन बी. साईराम ने व्यू पॉइंट से गेवरा खदान का अवलोकन किया और माइन प्लान की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विभागीय पैच का निरीक्षण किया, जहां पार्थ शॉवेल और 240 टन क्षमता वाले डंपर के ऑपरेटरों से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन भारत की पहली टाटा हिताची की 21 क्यूबिक मीटर क्षमता वाली इलेक्ट्रिक शॉवेल पर भी चढ़े और ऑपरेटर केबिन का जायजा लिया। उन्होंने ऑपरेटर से मशीन के सुरक्षा फीचर्स और एर्गोनॉमिक्स के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा कृष्णा शॉवेल का भी निरीक्षण किया।
बी. साईराम ने केजेएसएल के कोल फेस का निरीक्षण कर वहां कार्यरत ठेका श्रमिकों से बातचीत की। इसके बाद देव माइनिंग पैच में विभागीय कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों से संवाद किया। उन्होंने पीएनसी और सैनिक माइनिंग पैच का भी निरीक्षण किया।

गेवरा हाउस में चेयरमैन ने दीपका और गेवरा की टीमों के साथ बैठक कर उत्पादन, उत्पादकता और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। इस दौरान खनन कार्यों को बेहतर बनाने और निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम 11 अक्टूबर को एसईसीएल की दीपका और कुसमुंडा खदानों का भी दौरा करेंगे। उनके इस दौरे के दौरान एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




