कुसमुंडा खदान में फिर हादसा: 150 फीट नीचे गिरा 60 टन डंपर, 29 वर्षीय SECL कर्मी की मौत

0.एक सप्ताह के भीतर खदान क्षेत्र में दूसरा बड़ा हादसा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की कुसमुंडा परियोजना में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खदान क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हुए एक भीषण हादसे में 29 वर्षीय विभागीय कर्मी सत्यनारायण की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खोडरी फेस में मिट्टी अनलोडिंग के दौरान 60 टन क्षमता का डंपर अनियंत्रित होकर लगभग 150 फीट नीचे जा गिरा, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सत्यनारायण रात्रि पाली में ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब एक बजे वह डंपर से ओवरबर्डन (ओबी) मिट्टी अनलोड कर रहे थे। इसी दौरान वाहन पीछे की ओर फिसल गया और गहरी ढलान में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन, सुरक्षा विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

उल्लेखनीय है कि कुसमुंडा परियोजना में हाल के दिनों में दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ी है। बीते दिनों एक अन्य हादसे में ट्रेलर की चपेट में आने से एक चालक की जान चली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों में चिंता बढ़ गई है। हादसे के बाद खदान में सुरक्षा मानकों, वाहन संचालन व्यवस्था और कार्यस्थल की निगरानी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल SECL प्रबंधन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं मृतक के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।





