कीटनाशक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण, 3 विक्रेताओं को नोटिस

बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2026। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तायुक्त कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले के कीटनाशक विक्रय केंद्रों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर तीन कृषि आदान विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
विकासखंड पलारी के कीटनाशक निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा ने ग्राम संडी स्थित महेंद्र कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। यहां कैश मेमो और स्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण नहीं पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। इसी गांव के भगत कृषि सेवा केंद्र में स्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। ग्राम कोदवा के कौटिल्य कृषि सेवा केंद्र में कैश मेमो का उचित संधारण नहीं पाए जाने पर विक्रेता को कारण बताओ नोटिस दिया गया।
इसके अलावा सिमगा विकासखंड में किसान कृषि केंद्र दामाखेड़ा, कसडोल में साहजित कृषि सेवा केंद्र और तकिम कृषि सेवा केंद्र तथा भाटापारा विकासखंड के ग्राम कोदवा स्थित हितेश कृषि सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपसंचालक कृषि दीपक नायक ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को उर्वरक, बीज, कीटनाशक सहित अन्य सामग्री के भंडारण और विक्रय से जुड़े अभिलेख नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए हैं। स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक में प्रत्येक आवक एवं बिक्री का सही और अद्यतन विवरण दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। विभाग ने शासन के नियमों का कड़ाई से पालन नहीं करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।





