भारी बारिश के बीच घंटाघर में गूंजे देशभक्ति के तराने, ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ कार्यक्रम में कलाकारों ने बांधा समां

कोरबा। घंटाघर कोरबा में स्थापित विशाल तिरंगे के नीचे 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हसदेव धरा लोक कला मंच कोरबा द्वारा ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम में कलाकारों ने ट्रैक संगीत के माध्यम से देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असंगठित विद्युत कामगार कल्याण समिति कोरबा के अध्यक्ष राजेश दुबे तथा विशिष्ट अतिथि पेटीदार ठेकेदार एसोसिएशन कोरबा के अध्यक्ष शत्रुघ्न राठौर रहे। अतिथियों ने भारत माता के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हसदेव धरा लोक कला मंच के संरक्षक अजय शर्मा ने की। मंच का सफल संचालन संस्था के अध्यक्ष करमजीत भारद्वाज ने किया। इस दौरान अंचल के ख्यातिलब्ध कलाकार दुर्गा जायसवाल, दीपा महंत, रामप्रवेश पाल, उत्तरा लहरे, अजीत सेनगुप्ता, आकाश शर्मा, राजकुमार सोनी, श्याम यादव, लेखराम पटेल और उपेश दास महंत सहित अन्य कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
भारी बारिश के बीच भी कलाकारों का उत्साह कम नहीं हुआ और देशभक्ति गीतों के साथ स्वतंत्रता दिवस का जश्न जारी रहा। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कलाकार रामप्रवेश पाल ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ कार्यक्रम का समापन हुआ।





