कार-बाइक की भीषण भिड़ंत, तीन युवकों की मौत….एक युवक का पैर तो एक का हाथ हुआ शरीर से अलग…

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम खैरीडीह के पास स्टेट हाइवे 05 पर शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक का पैर और एक युवक का हाथ कट कर शरीर से अलग हो गया और तीसरे युवक के हाथ-पैर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छह युवक दो बाइक में तीन-तीन सवारी बैठकर डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा से राजनांदगांव की ओर जा रही कार से ग्राम खैरीडीह के पास एक बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक में सवार युवक बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने मदद कर उनकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीनों युवकों की मौत हो गई।
हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार चालक और उसमें सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तीनों युवकों की भयावह हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाइक की गति अत्यधिक तेज रही होगी, जिसके कारण ही एक युवक का पैर और एक युवक का हाथ शरीर से कटकर पूरी तरह से अलग हो गया।
मृतकों की पहचान….
हादसे में मृत युवकों की पहचान तरुण यादव, राहुल सेवता और नरेंद्र भूआर्य के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तरुण यादव और राहुल सेवता ग्राम सिर्राभांठा के निवासी थे, जबकि तीसरा युवक मुड़खुसरा गांव का रहने वाला था।
गांव में पसरा मातम….
एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के घरों एवं गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि मृतक युवक शराब के नशे में थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। तीन-तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाना भी हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।




