कलेक्टर के सख्त निर्देश का असर-एमपी से तस्करी कर लाई गई 99 लीटर अवैध शराब जब्त’

0.’आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 कार्टून में 550 पाव गोवा व्हिस्की बरामद-आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया’
कोरिया,27 अगस्त 2026/ जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के सख्त निर्देशों का असर अब मैदानी कार्रवाई में दिखाई देने लगा है। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए अवैध मदिरा के परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला आबकारी विभाग, कोरिया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से तस्करी कर लाई गई 11 पेटी गोवा व्हिस्की जब्त की है।
कलेक्टर ने विगत दिनों आबकारी विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा था कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से पटना, पोड़ी-बचरा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। ’11 कार्टून में 550 पाव, कुल 99 लीटर शराब जब्त’ आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपी इंद्रप्रताप, पिता चन्दन राम, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सांवला, थाना बचरा पोड़ी के कब्जे से 11 कार्टून में रखी कुल 550 पाव गोवा व्हिस्की बरामद की।
जब्त मदिरा की कुल मात्रा 99 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 66 हजार रुपये है। बरामद शराब के कार्टून पर “फॉर सेल इन एमपी” अंकित पाया गया, जिससे इसके मध्यप्रदेश से लाकर जिले में खपाने की आशंका सामने आई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 एवं 59 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। कार्रवाई के बाद आरोपी को सीजेएम न्यायालय, बैकुंठपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 14 दिवस की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जिला आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर के निर्देशों के अनुरूप संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के सख्त निर्देश और आबकारी विभाग की सक्रियता से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




