छत्तीसगढ़ में बस का सफर हुआ महंगा, नई किराया दरें जारी; दिव्यांग यात्रियों को मिलेगी 50% छूट

रायपुर, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करने वालों को अब अधिक किराया चुकाना होगा। राज्य सरकार ने साधारण, डीलक्स और वातानुकूलित सुपर लग्जरी बसों के लिए नई किराया दरें निर्धारित की हैं। इसकी अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है। नई दरों का असर प्रदेश में रोजाना बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर पड़ेगा।
नई दरों के अनुसार, साधारण बस में शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए प्रति यात्री 10 रुपये किराया देना होगा। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये की दर से भुगतान करना होगा। वहीं, डीलक्स बस में पहले 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपये तय किया गया है। इसके बाद प्रति किलोमीटर 2.20 रुपये किराया लगेगा।
वातानुकूलित सुपर लग्जरी बस में भी शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपये देने होंगे। इसके बाद प्रति किलोमीटर 3.30 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। वातानुकूलित अर्द्ध शयनयान और शयनयान सेवाओं के लिए क्रमशः 3 रुपये और 3.30 रुपये प्रति यात्री की दर निर्धारित की गई है।
दिव्यांग यात्रियों को 50 प्रतिशत तक छूट
सरकार ने किराये में रियायत का प्रावधान भी किया है। निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले दिव्यांग यात्रियों को किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। वहीं, निःशुल्क यात्रा के लिए पात्र श्रेणियों के यात्रियों को 100 प्रतिशत किराया छूट देने का प्रावधान है। नई किराया दरों से प्रदेश में बस यात्रा का खर्च बढ़ने की संभावना है।






