Chhattisgarh

पामगढ़ में नौकरी लगाने का झांसा देकर 2.09 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 लाख 9 हजार 500 रुपये की ठगी करने के मामले में पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहुल कुमार जाटवर (25), निवासी अमलडीहा, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पामगढ़ थाना क्षेत्र की निवासी लीला मेहर की पहचान अगस्त 2025 में राहुल कुमार जाटवर से हुई थी। आरोपी ने खुद को आबकारी विभाग में लोगों की नौकरी लगवाने वाला बताया और प्रार्थिया को भी सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले आरोपी ने उससे 6 लाख रुपये की मांग की थी।

नौकरी लगने की उम्मीद में प्रार्थिया ने 10 सितंबर 2025 को आरोपी को अलग-अलग लोगों के फोन-पे नंबरों के माध्यम से 1 लाख रुपये और 1 लाख रुपये नगद दिए। इसके बाद आरोपी ने अधिकारियों को पैसे देने की बात कहकर दोबारा 9,500 रुपये फोन-पे के जरिए मंगाए। इस तरह प्रार्थिया से कुल 2 लाख 9 हजार 500 रुपये लिए गए।

आरोपी ने प्रार्थिया को मार्च 2026 तक नौकरी लग जाने का भरोसा दिलाया था। इतना ही नहीं, उसने विश्वास दिलाने के लिए 1 लाख रुपये का चेक भी दिया। हालांकि, आबकारी विभाग की सूची में प्रार्थिया का नाम नहीं आया। इसके बाद जब उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया।

ठगी का शिकार होने के बाद प्रार्थिया ने मामले की शिकायत पामगढ़ थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार जाटवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

यह कार्रवाई SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक विनोद मनहर, भुनेश्वर पटेल और बेदराम पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस की इस कार्रवाई से नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी या निजी नौकरी लगवाने के नाम पर किसी व्यक्ति को पैसे देने से पहले पूरी जानकारी और संबंधित विभाग से सत्यापन जरूर करें।

Related Articles

Back to top button