कटघोरा में दर्दनाक हादसा: बेकाबू होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में गिरी बाइक, चालक की डूबने से मौत

कोरबा, 25 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया। बरसात के मौसम में हुई इस दुर्घटना में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे बाइक चालक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राम सिंह नेटी (52 वर्ष), निवासी जेजरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात राम सिंह अपनी बाइक से जेजरा से पतरापाली मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पतरापाली रोड पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी।
रात का समय होने और गड्ढे में अधिक पानी भरा होने के कारण राम सिंह बाहर नहीं निकल सके। पानी में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी किसी को नहीं लग सकी।
शनिवार सुबह जब राहगीरों की नजर सड़क किनारे गिरी बाइक और शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल कटघोरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी प्रियंका अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बारिश के कारण फिसलन और बाइक के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
बरसात के मौसम में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।



