Chhattisgarh

अंबेडकर जयंती पर प्रगति नगर में भाजपा मंडल ने किया माल्यार्पण, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

कोरबा, 14 अप्रैल 2026।
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कोरबा जिले के प्रगति नगर स्थित अंबेडकर पार्क में भारतीय जनता पार्टी दीपिका मंडल द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं वार्ड पार्षद अरुणीश तिवारी (दादा भाई) ने संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्य आज भी प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बाबा साहब के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत करें।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजू प्रजापति, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता साहू, संतोष निराला, रामसाय चौहान, लड्डन खान, आनंद चौक से सत्यम यादव, ज्योति धर्म तिवारी, सविता कंवर, अनीता पटेल, धर्मेंद्र शुक्ला एवं नीलिमा शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के अंत में अंबेडकर जयंती समारोह के संयोजक आनंद चौक एवं सहसंयोजक धर्मेंद्र शुक्ला ने उपस्थित सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और युवाओं को देश के महान नेताओं के विचारों को समझने का अवसर मिलता है।

पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और समाज में समरसता एवं समानता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button