Madhyapradesh

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, धमाके से दहला पूरा क्षेत्र

जबलपुर। शहर के रांझी गोकलपुर इलाके में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया। हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक तार से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते उसका शरीर पूरी तरह जलकर राख में बदल गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल की ओर भागे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, गोकलपुर निवासी शिवप्रसाद पटेल का लोअर बनाने का कारखाना डेंटल हाउस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर संचालित होता है। मृतक संजय कुमार, निवासी बिलहरी, इसी कारखाने में कार्यरत था। रविवार रात करीब 11 बजे वह किसी काम से छत पर गया था। इसी दौरान छत पर अचानक बंदरों का झुंड आ गया। संजय ने उन्हें भगाने की कोशिश की, इसी बीच वह छत के ठीक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया।

हाईटेंशन तार से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन संजय को बचाने का कोई मौका नहीं बचा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। देर रात तक अधिकारी घटनास्थल की बारीकी से जांच करते रहे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में इससे पहले भी हाईटेंशन लाइन की वजह से कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने अधिकारियों से मांग की है कि इस खतरनाक लाइन को हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button