Chhattisgarh

रायगढ़ में राह चलती महिला से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी, पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

रायगढ़। महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने राह चलती महिला से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई की है। चक्रधरनगर पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता ने 12 अगस्त 2026 को अपने पति के साथ थाना चक्रधरनगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 2 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति को भोजन देने जा रही थी। उसके साथ बच्चे भी थे। इसी दौरान ग्राम एकताल निवासी उमेश और अभिषेक पीछे से आए और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

इसी दौरान पीड़िता का एक परिचित मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया। उसे देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पति और गांव के प्रमुख लोगों को दी। इसके बाद उनकी सलाह पर 12 अगस्त को थाना चक्रधरनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पीड़िता की शिकायत पर चक्रधरनगर थाने में अपराध क्रमांक 304/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 351(3) के तहत अपराध कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।

चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे को पीड़िता से पूछताछ कर एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उन्हें उनके घर से पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से थाने में पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश प्रधान (26), पिता विद्याधर प्रधान, निवासी ग्राम एकताल स्कूलपारा, थाना चक्रधरनगर और अभिषेक गोधिया (24), पिता हेमलाल गोधिया, निवासी ग्राम एकताल बस्ती मंडलापारा, थाना चक्रधरनगर के रूप में हुई है। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को जेल दाखिल करा दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, जितेन्द्र कुर्रे और मिनकेतन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए यह स्पष्ट किया है कि शिकायत मिलने पर ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button